आपके परिवार में किसी ने व्यापमं की परीक्षा दी थी, क्या नतीजा निकला?

गांव-मोहल्लों में पहुंचकर सरकारी योजनाओंं की हकीकत पूछेगी कांग्रेस
आरोप पत्र बनाने से पहले शुरू किया संपर्क अभियान
मुख्य प्रतिनिधि ॥ भोपाल
क्या निराश्रित, वृद्धावस्था पेंशन मिलती है? क्या शौचालय निर्माण का पैसा प्राप्त हुआ? क्या आपके परिवार के किसी सदस्य ने व्यापमं की परीक्षा दी थी, क्या नतीजा निकला? क्या सरकार की घोषणा अनुसार 50 हजार रुपए तक का कर्जा माफ हुआ? यह तमाम सवाल वे हैं, जिनका जवाब कांग्रेस जनता से ही मांगने वाली है। जवाब लेने के लिए कांग्रेस नेता गांव और मोहल्लों के घर-घर दस्तक देंगे। एकत्रित की गई जानकारी अगले महीने प्रदेश कार्यालय को भेज दी जाएगी।
असल में प्रदेश कांग्रेस पूरे प्रदेश में ग्राम व नगर संपर्क अभियान चला रही है। इस अभियान के लिए ग्राम और नगर इकाईयों को अलग-अलग प्रश्नावली बनाकर दी गई हैं। अभियान के दौरान घर-घर जाकर मतदाताओं से इन प्रश्रों के जवाब एकत्रित किए जाना है। दो-दो पेज की इन प्रश्नावली में केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार की योजनाओं के संबंध में जानकारी मांगी जाना है। खास बात यह है कि व्यापमं घोटाले को लेकर कांग्रेस हमेशा से ही प्रदेश की भाजपा सरकार पर जोरदार तरीके से हमला करती रही है। अपने इस हथियार को और धारदार बनाने की कवायद इस बार भी कांग्रेस कर रही है। इसी के चलते इस प्रश्नावली में व्यापमं से जुड़ी जानकारी को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है। शहरी मतदाताओं के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से भी व्यापमं से जुड़ी जानकारी एकत्रित की जा रही है। शहरों में जहां पेंशन, साफ सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापमं पर जोर दिया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से कांग्रेस द्वारा व्यापमं के अलावा निराश्रित पेंशन, सड़क, बिजली, पानी, किसानों से जुड़ी समस्याओं पर प्रश्न किए जाएंगे। कांग्रेस का यह अभियान फरवरी माह में ही चलाया जाएगा। अगले महीने के शुरूआत में ही ये प्रश्नावली जवाब सहित प्रदेश कार्यालय में मांगी गई है।
मंडल स्तर तक होंगे प्रदर्शन
इस संपर्क अभियान के दौरान मंडल स्तर तक धरना, प्रदर्शन करने के निर्देश भी सभी जिलों को दिए गए हैं। हाट, बाजार व सार्वजनिक स्थलों पर धरने आयोजित कर प्रदेश की भाजपा सरकार के घोटालों, भ्रष्टाचार के मामले, विवादित फैसलों की जानकारी लोगों को दी जाएगी। प्रदेश संगठन ने इन धरनों में उठाए जाने वाले मुद्दों की जानकारी भी विस्तार से सभी को भेजी है। इनमें जिला व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही सांसद, विधायक, पंचायत व निकाय पदाधिकारियों सहित समस्त जनप्रतिनिधि तथा पिछले चुनावों के प्रत्याशियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
गांवों में इन पर जोर
मनरेगा, स्वच्छ भारत अभियान, किसान मुआवजा, सर्व शिक्षा अभियान, स्वास्थ्य सुविधाएं, साफ सफाई, बिजली बिल, सड़क, सूखा बाढ़।
नगरों में इन पर होंगे सवाल
पेंशन, राशन कार्ड, सर्व शिक्षा अभियान, स्वच्छ भारत अभियान, व्यापमं, स्वास्थ्य सुविधाएं, साफ सफाई अभियान, बुनियादी सुविधा, कर्जा माफ, बिजली बिल, सड़क।
आरोप पत्र का बनेगा आधार
इस प्रश्नावली को विधानसभा चुनाव की तैयारी भी माना जा रहा है। खासकर चुनाव के दौरान जारी होने वाले आरोप पत्र के लिए यह जानकारी खासी अहम होगी। इसलिए मूलभूत सुविधाओं बिजली, पानी, सड़क की हालत को लेकर गांव और शहर दोनों से जानकारी मांगी जा रही है। वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य व मनरेगा के क्षेत्र में घोटालों की तलाश कर रही कांग्रेस ने सर्व शिक्षा अभियान तथा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी संख्या में सवाल किए गए हैं। शिक्षकों व चिकित्सकों की तैनाती, मध्यांह भोजन, नर्स व स्टॉफ, जांच आदि पर जानकारी एकत्रित की जाएगी।
फरवरी के अंत तक सभी जिलों में नगर व ग्राम संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। घर-घर संंपर्क के दौरान मतदाताओं से मूलभूत जानकारी एकत्रित की जाना है।
> चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, महामंत्री प्रदेश कांग्रेस


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें