इंदौर – पल्हर नगर में घर में घुसा तेंदुआ, युवक पर किया हमला, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

इंदौर।पल्हर नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने एक तेंदुए को काॅलोनी में देखा। तेंदुए को देखते ही रहवासी दहशत में आ गए और घर के भीतर दुबक गए। लोगों को देख तेंदुआ युवक पर हमला करते हुए एक घर में जा घुसा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। फॉरेस्ट टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश में लगी हुई है।

– मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे 60 फीट रोड स्थित पल्हर नगर में लोगों ने तेंदुए को देखा। तेंदुए के कॉलोनी में घुसने की खबर आग की तरह फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बच्चों के साथ घरों में बंद हो गए। लोगों को भागता देख तेंदुआ भी घबराकर राजूभाई के मकान नंबर 415 जा घुसा। घर में घुसने के दौरान गोपाल लामा उसके सामने आ गया और तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। हमले में लामा की पैंट उसके पंजे में आई और फट गई। गनीमत रही कि तेंदुआ काफी घबराया हुआ था इसलिए उसने लामा को छोड़ दिया और भागकर घर में जा छिपा।

– रहवासियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फाॅरेस्ट टीम ने राजू भाई के मकान के बाहर पोजिशन ली और तेंदुए की सर्चिंग शुरू की। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ जू से नहीं आया है, वह जंगल की ओर से आया है।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें