अफसरी नहीं चलाना है, कॉलोनी वैध करना है

मुख्यमंत्री की अधिकारियों को दो टूक
अवैध कालोनी के नियमितीकरण की प्रक्रिया 7 से होगी शुरू
सच प्रतिनिधि ॥ भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि अफसरी नहीं चलाना है। कालोनी को वैध करना है। मेरा एक लाइन का आदेश है, कालोनी को वैध करना है। नियमों में कही दिक्कत है, तो बताओ दिक्कत को दूर करेंगे। कलेक्टर, कमिश्नर, सीएमओ नोट कर ले, किन्तु-परन्तु नहीं चलाना है। वे आज अवैध कलोनी के नियमितीकरण के संबंध में आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। अवैध कालोनी को वैध करने का अभियान 7 अप्रैल से ग्वालियर से शुरू होगा और यह काम 15 अगस्त तक पूरा करना है। कार्यशाला में नगरीय प्रशासन मंत्री माया सिंह, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी मोघे, मुख्य सचिव एसबी सिंह, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन विविेक अग्रवाल समेत कलेक्टर, कमिश्नर, सीएमओ, जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
अवैध कलोनियों को वैध करने के लिए सरकार ने नियमों में संशोधन किया है। अब किसी भी अवैध कालोनी को पहले वैध किया जाएगा, इसके बाद रहवासी से विकास शुल्क लिया जाएगा। कालोनी के वैध होने के बाद उसे सभी तरह की जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। समझौता शुल्क लिया जाएगा। पूरे प्रदेश में पांच हजार से अधिक कालोनियां वैध होगी, जिसमें निवासरत लगभग चार लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब मकान बन रहे थे, तब सब चुप थे। कोई कुछ नहीं बोला।
कालोनाइजर पैसा लेकर निकल गया और मकान में रहने वालों को परेशान किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि अब हम अवैध कालोनी का टैंग हटाएंगे। नियमों में कही दिक्कत होगी तो संशोधन करेंगे। मुख्य सचिव एसबी सिंह बोले कि डायवर्सन शुल्क और नूजल की फीस को भी कम किया जा रहा है। प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि अधिकारियों को लकीर का फकीर नहीं बनना है। अवैध कालोनी को वैध करना है और यह काम गंभीरता से होना है। अब किसी भी शहर में अवैध कलोनी नहीं बनना चाहिए।
मर्जर का मर्डर कर दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को पट्टे और मकान दिए जाएंगे। प्रदेश में कोई भी गरीब बिना जमीन के नहीं रहेगा तो बिना मकान के भी कोई नहीं रहेगा। हमने मर्जर का मर्डर कर दिया है।
गुंडे बदमाशों के अतिक्रमण तोड़ें
प्रदेश में बहन-बेटियों पर आंख उठाने वालों को छोड़ेंगे नहीं। ऐसे गुंडों-बदमाशों के अतिक्रमण को सख्ती से तोड़े। एक भी नहीं बचना चाहिए। प्रदेश में विकास दर 10 प्रतिशत से अधिक है तो विकास का प्रकाश गरीब तक पहुंचना चाहिए।
16 को मिलेगी किसानों को बोनस की राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 अप्रैल को किसानों को एक साथ समर्थन मूल्य पर दी जा रही बोनस की 200 रुपए की राशि दी जाएगी। वहीं 17 को मजदूरों के सम्मेलन शुरू होंगे, जो 31 मई को समाप्त होंगे।
12 से 18 घंटे
करता हूं काम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मैं 12 से 18 घंटे काम करता हूं तो तुम कैसे सो सकते हो। अच्छा काम करे। कई कलेक्टरों ने अच्छा काम किया है, मन खुश हो जाता है।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें