शहर के चौक-चौराहों पर आज होगा होलिका दहन

बाजार सजे 2000 स्थानों पर जलेगी होली
सच प्रतिनिधि ॥ भोपाल
शहर में 2000 से अधिक स्थानों पर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ होलिका दहन किया जाएगा। शहर के चौक-चौराहों पर विभिन्न समितियों द्वारा छोटी-बड़ी होलियों को सजाया गया है। पुराने शहर, कोलार, बैरागढ़, भेल, आनंद नगर, कोटरा, न्यू मार्केट, अशोका गार्डन, करोंद सहित अनेक स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां की जा रही है। होली स्थल के आसपास सजावाट भी की गई है। होली की तैयारियों के चलते चौक, जुमेराती, न्यूमार्केट समेत शहर के ज्यादातर बाजारों में रौनक दिखाई दी। शुक्रवार होली (धुलेंडी) खेली जाएगी। ऐसे में रंग-पिचकारियों के साथ ही किराने की दुकानों पर भी खासी भीड़भाड़ दिखाई दी।
लकड़ी के लिए बनाए डिपो
होली पर वन विभाग ने भोपाल में जलाऊ लकड़ी सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए 19 स्थानों पर अस्थाई लकड़ी विक्रय केंद्र खोले हैं। इन केंद्रों पर जलाऊ लकड़ी आज शाम तक 686 रुपए प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध कराई जा रही है। अस्थाई जलाऊ लकड़ी विक्रय केंद्र अहमदपुर डिपो, बिट्टन मार्केट, कोलार में पत्रकार कॉलोनी और सर्वधर्म कॉलोनी, आनंद नगर, नेहरू नगर, न्यू मार्केट, बाग सेवनियां, गोविंदपुरा, यूनानी शफाखाना, छोलारोड, जहांगीराबाद, जीआरडी क्रासिंग, शाहजहांनाबाद, बैरागढ़, मंगलवारा, मयूर विहार और करोंद चौराहे पर बनाए गए हैं।
कंडों की होली जलाने की अपील
गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ द्वारा कंडों की होली जलाने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में कल गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा शहर की विभिन्ना कॉलोनियों के साथ ही स्कूल और कॉलेजों में जाकर यह जागरुकता अभियान चलाया गया। युवा प्रकोष्ठ के सदस्य आदर्श होलिका दहन का संदेश देने के लिए आनंद नगर स्थित टीआईटी कॉलेज पहुंचे। यहां विद्यार्थियों को कंडों की होली में अश्लील साहित्य जलाकर होली को अश्लीलता निवारण दिवस के तौर पर मनाने की बात कही गई।
निकलेगा चल समारोह
श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को होली चल समारोह धूमधाम से निकाला जाएगा। इसे लेकर समिति द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। कल सुबह 10 बजे यह चल समारोह दयानंद चौक जुमेराती से शुरू होगा। चल समारोह घोड़ा नक्कास, मंगलवारा चौराहा, मंगलवारा जैन मंदिर, इतवारा, चिंतामन चौराहा, सर्राफा चौराहा, पीपल चौक, लखेरापुरा, भवानी चौक, सोमवारा, सिंधी मार्केट व जनकपुरी जुमेराती में जाकर संपन्न होगा। चल समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसमें सबसे आगे जहां भगवा ध्वज चलेगा और उनके पीछे ऊंट, घोड़े, बग्गी, 50 ढोल, बैंड, डीजे व दर्जनों झांकियां शामिल रहेंगी। कोटरा से भी पूर्व पार्षद मुकेश राय के नेतृत्व में समिति द्वारा चल समारोह निकाला जाएगा।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें