कांग्रेस से स्टेट चीफ का दावा, भाजपा में एक चेहरे पर चिंतन

मुख्य प्रतिनिधि, भोपाल
राज्यसभा की रिक्त हुई पांच सीटों में तीन पर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। चुनाव के लिए नामांकन सोमवार तक जमा होना है। कांग्रेस में प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव पार्टी के एक मात्र पद के लिए फायनल चेहरा माने जा रहे हैं, लेकिन अंतिम पलों में दिल्ली का चेहरा जमावट बिगाड़ सकता है। वहीं भाजपा में एक सीट बाहरी राज्य में चले जाने के बाद अब दो में से एक सीट पर मध्यप्रदेश के नेता को ही दिल्ली भेजना तय माना जा रहा है।
राज्यसभा की खाली सीटों के लिए कवायद शुरू होते ही भाजपा थावरचंद गहलोत और धर्मेंद्र प्रधान का नाम तय कर चुकी है। अब दो सीटों पर फैसला होना है। सूत्रों की मानें तो आज शाम तक दोनों सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। इन दोनों सीटों पर मध्यप्रदेश को ही मौका मिलने की उम्मीद लगाई जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान सहित अनेक नेताओं की पंसद पर विंध्य के नेता व पार्टी उपाध्यक्ष अजय प्रताप ङ्क्षसह को पार्टी राज्यसभा भेज सकती है। जबकि गेहलोत को भी मध्यप्रदेश के चेहरे के रूप में ही दोबारा मौका मिला है। इसके चलते पार्टी आलाकमान एक और सीट पर बाहर के नेता का नाम आगे बढ़ा सकती है। हालांकि दूसरी सीट के लिए भाजपा में मध्यप्रदेश से ही कविता पाटीदार, अरविंद भदौरिया के अलावा माखन सिंह चौहान के नाम प्रबल दावेदारों में बने हुए हैं। कविता का नाम पाटीदारों की नाराजगी देखते हुए काफी अहम माना जा रहा है। पाटीदारों को साधने के उद्देश्य से हाल ही में मंत्रिमंडल में बालकृष्ण पाटीदार को शामिल किया गया है। ऐसे में कविता के नाम को पार्टी गंभीर मान रही है। पिछली बार संपत्तिया उइके को भाजपा राज्यसभा भेज चुकी है।
कांग्रेस में भी बड़े चेहरों का दावा
वहीं कांग्रेस के खाते की एक सीट के लिए भोपाल से दिल्ली तक दावेदारी बनी हुई है। सबसे बड़ा चेहरा और दावेदार पीसीसी चीफ अरुण यादव माने जा रहे हैं। इनका नाम दिल्ली में भी फायनल माना जा रहा है। मगर सत्यव्रत चतुर्वेदी, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा जैसे नाम मध्यप्रदेश से ही उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। वहीं सेम पित्रोदा और राष्ट्रीय महामंत्री जर्नादन द्विवेदी के नाम आने से भी यादव को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
अंतिम दिन भरे जाएंगे नामांकन
राज्यसभा चुनाव की रिक्त सीटों के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 12 मार्च है। भाजपा के उम्मीदवार आज शाम घोषित होने की उम्मीद है तो कांग्रेस में स्थिति कल शाम तक साफ हो सकेगी। ऐसे में सभी उम्मीदवारों के नामांकन अंतिम दिन ही जमा हो सकेंगे। विधानसभा सत्र के दौरान यह कार्रवाई चलने से सदन में सोमवार को अफरातफरी मचे रहने की संभावना है।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें