कोलार में कंपनियों ने खोद डालीं 25 करोड़ की लागत से बनी सड़कें

लापरवाही ॥ जनता परेशान, नहीं हो रहा निर्माण
सच प्रतिनिधि ॥ भोपाल
केरवा का पानी कोलार की जनता को देने के लिए करीब छह माह पहले खोदी गई करीब 25 करोड़ की सड़कों को आज तक नहीं बनाया जा सका। खुदी सड़कों से बाशिंदों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। कोलार उपनगर में पेयजल सप्लाई के लिए वार्ड 80, 81, 82 और 83 में पानी आना था, अभी भी अनेक इलाके पानी से वंचित है। अनेक क्षेत्रों में पाइप लाइन में लीकेज के चलते पानी सड़कों पर बह रहा है। नगर निगम को अब सड़के बनाने में पसीना छूट रहा है। वहीं तीन माह में सभी क्षेत्रों में सड़कें नहीं बन सकी तो फिर बारिश में स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाएगी। कोलार की जनता का कहना है कि नगर पालिक के कार्यकाल में बनाई गई सड़कों के साथ ही यहां के अनेक वार्डों में बनी नई सड़कें जो कि नगर निगम द्वारा बनाई गई थी, उसे भी खोद दिया गया है। सड़कों खोदने के कारण बाशिंदों को घरों के सामने आने-जाने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
यहां खोदी गई ज्यादा सड़कें
कोलार उपनगर के सर्वधर्म के विभिन्न सेक्टर, मंदाकिनी कालोनी, आर्शीवाद कालोनी, अमरनाथ सहित मुख्य मार्गों पर पेयजल पाइप लाइन के लिए अच्छी सड़कों को छलनी कर दिया गया। सड़क बनाने के लिए नगर निगम द्वारा कोई प्रयास छह माह बाद भी नहीं किए जा सके। अभी भी कुछ स्थानों पर खुदाई वाले स्थान को भरा नहीं गया है। वहीं जो स्थान भरा है वहां सड़क का पक्का निर्माण नहीं किया गया है। सड़कों से आवागमन करने वाले परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन चालक हो रहे
दुर्घटना का शिकार
कोलार की विभिन्न कालोनियों में खोदी गई सड़कों से रात्रि में अंधेरे के चलते वाहन चालक यहां दुर्घटना का शिकार हो रहे है। मंदाकिनी कालोनी 80 फीट रोड पहुंच मार्ग पर एक व्यक्ति पिछले दिनों गिरकर घायल हो गया था। सड़के किनारे बने गड्डे भी बाशिंदों के लिए परेशानी का सबब बने हुए है। नगर निगम के जिम्मेदार अफसर यहां का दौरा नहीं कर रहे है। वे जनता की सुध नहीं ले रहे है। कहीं न कहीं अफसरों की उदासीनता के चलते रहवासियों में निगम की कार्यप्रणाली से आक्रोश पनप रहा है।
गिट्टी डाली जा रही है
कुछ क्षेत्रों में केरवा के पानी की टेस्टिंग पाइप लाइन के माध्यम से की जा रही है। गिट्टी डाली जा रही है। इसके बाद पक्की सड़कों को बनाने का कार्य किया जाएगा।
> मनफूल मीना, जोन अध्यक्ष


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें