मुरैना जिले में खाद की लूट, कांग्रेस ने कमी और कालाबाजारी का लगाया आरोप

मध्यप्रदेश में खाद का संकट एकबार फिर दिखाई दे रहा है। मुरैना जिले में इसकी वजह से किसान परेशान हैं। मुरैना के किसानों ने सोमवार को खाद की गाड़ी पहुंचते ही उसे लूटने का प्रयास किया। पुलिस ने किसानो की भीड़ को तितर-बितर कर खाद लूट की घटना को टाल दिया। 

इस घटना का एक कथित वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधते हुए खाद की कमी और उसकी कालाबाजारी का आरोप लगाया है।

हालांकि प्रशासन ने मुरैना जिले में ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ किसान खाद की बोरी लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं जबकि हंगामे के बीच पुलिस उनके पीछे दौड़ रही है।

मुरैना जिले के सबलगढ़ के एसडीएम एलके पांडे ने फोन पर बताया कि कुछ अज्ञात लोग खाद खरीदने आए थे और बोरियां लेकर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और वे खाद की बोरियां छोड़कर भाग गए। उन्होंने बताया कि सोमवार को 1,600 किसानों को खाद का वितरण किया गया।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में खाद की भारी किल्लत है। उन्होंने कहा कि ‘प्रदेश में रबी फसल की बुवाई शुरू हो चुकी है लेकिन खाद नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। डीएपी की भारी कमी बनी हुई है। जमकर कालाबाजारी हो रही है। किसान खाद के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लग रहे हैं। खुद केंद्रीय कृषि मंत्री के क्षेत्र में बुरी स्थिति है। खाद की कमी के कारण खाद की लूट हो रही है।’

कमलनाथ ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि किसान दोहरे संकट से परेशान हैं। एक तरफ तो बिजली का संकट और दूसरी तरफ खाद का संकट है। 

उधर, प्रदेश भाजपा सचिव रजनीश अग्रवाल ने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘राज्य में खाद की कोई कमी नहीं थी। ऐसी घटनाएं साजिश हैं और राज्य सरकार उनकी जांच करने जा रही है। किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद मिल रही है।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें