काली टोपी वालों को हटाएगी सफेद टोपी

कांग्रेस सेवादल के चुनावी प्रशिक्षण में पहुंचे पार्टी के दिग्गज
मुख्य प्रतिनिधि ॥ भोपाल
प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए संगठन स्तर की कसावट में कांग्रेस जुट गई है। नेताओं और कार्यकर्ताओं को मैदान से लेकर मतदान केंद्र तक की जिम्मेदारी समझाने के लिए कांग्रेस सेवादल का प्रशिक्षण राजधानी में आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने कहाकि पहले महात्मा गांधी ने सफेद टोपी और चरखे से अंग्रेजों को देश से बाहर कर दिया। अब देश और प्रदेश में काली टोपी वालों को सत्ता से बाहर करने का काम सफेद टोपी करेगी।
कांग्रेस सेवादल का यह एक दिनी शिविर राजधानी के साकेत नगर में आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेशाध्यक्ष यादव के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, सेवादल के राष्ट्रीय मुख्य संगठक महेंद्र जोशी, प्रदेश के मुख्य संगठन योगेश यादव, प्रदेश महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, विधायक मुकेश नायक ने प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। प्रदेशाध्यक्ष यादव ने कांग्रेस संगठन में सेवादल की भूमिका का महत्व समझाते हुए कहाकि सेवादल हमेशा से ही कांग्रेस की रीढ़ रहा है। देश, प्रदेश से लेकर संगठन की हर जरूरत में सेवादल सबसे आगे रहा है। अब आगामी चुनावों में भी सेवादल पर अहम् जिम्मेदारी निभाना है। कार्यकर्ताओं द्वारा इस मौके पर यादव को चरखा भेंट किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर सेवादल कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान के तहत गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचने, राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार के घोटालों, झूठे वायदों आदि की जानकारी दी गई। साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के संबंध में विस्तार से जिम्मेदारी समझाई गई। शिविर में कांग्रेस महामंत्री व जिलाध्यक्ष पीसी शर्मा, प्रवक्ता जेपी धनोपिया, रवि सक्सेना, दुर्गेश शर्मा, विचार विभाग प्रमुख भूपेंद्र गुप्ता, सैयद साजिद अली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, विधायक व कार्यकर्ता शामिल हुए।
बच्चों की मौजूदगी पर उठे सवाल शिविर से किया दूर
शिविर में प्रशिक्षण लेने के लिए सेवादल की बाल सेना भी आई थी। मगर चुनाव में बच्चों के इस्तेमाल पर सवाल उठते ही कांग्रेस नेताओं ने आनन फानन में सभी बच्चों को प्रशिक्षण शिविर से अलग कर दिया गया। साथ ही इस पर तमाम नेता सफाई देते भी नजर आए। पिछले दिनों हाईकमान के निर्देश पर ही बाल सेवादल का गठन किया गया है। इसमें भर्ती भी की गई है।
सीएम पर पैरोडी गीत से शुरूआत
शिविर में झंडावदन के बाद मुख्यमंत्री पर आधारित एक पैरोडी गीत भी सुनाया गया। कवि प्रदीप के गीत की पैरोडी कुछ तो शर्म करो चौहान तैयार की गई है। इसमें विभिन्न घोटालों व घटनाओं को आधार बनाया गया है। यह पैरोडी कांग्रेस अब हर गांव और शहर तक फैलाएगी।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें