कांग्रेस ने जीता मुंगावली और कोलारस उपचुनाव, कब्जा रखा बरकरार

उपचुनाव के परिणाम को बड़ी ही संजीदगी से देखा जा रहा है, क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा के आम चुनाव होने हैं.

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव में विपक्षी कांग्रेस ने कड़े मुकाबले में बुधवार को जीत हासिल की और दोनों सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा. निर्वाचन अधिकारी ने यहां बताया कि मुंगावली से कांग्रेस उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव ने भाजपा की प्रत्याशी बाई साहब यादव को 2124 मतों के अंतर से पराजित किया. कांग्रेस उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव को कुल 70,808 वोट मिले जबकि भाजपा की उम्मीदवार बाई साहब यादव को 68,684 मत मिले. वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यह सीट 20,765 मतों के अंतर से जीती थी.

दूसरी ओर, कोलारस से कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्र सिंह यादव ने भाजपा के उम्मीदवार देवेन्द्र जैन को 8086 मतों के अंतर से हराया. कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्र सिंह यादव को कुल 82,523 मत मिले, जबकि भाजपा के देवेन्द्र जैन को कुल 74,437 मत हासिल किए. वर्ष 2013 के विधानसभा के आम चुनाव में कांग्रेस ने यह सीट 24,953 मतों के बड़े अंतर से यह सीट जीती थी.

दोनों विधानसभा क्षेत्रों पर 24 फरवरी को मतदान हुआ था. मुंगावली में कांग्रेस के विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा और कोलारस में कांग्रेस के विधायक राम सिंह यादव के निधन के कारण उपचुनाव कराए गए हैं. प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र और अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के इन उपचुनावों के परिणाम को बड़ी ही संजीदगी से देखा जा रहा है, क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा के आम चुनाव होने हैं.


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें