बाघ घटे और बढ़ गई तेंदुए की संख्या

विशेष संवाददाता ॥ भोपाल
प्रदेश में बाघों की संख्या में लगातार कमी आ रही है, लेकिन वन विभाग के लिए एक अच्छी खबर है कि प्रदेश में तेंदुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। हाल ही में वन्य प्राणियों की शुरूआती गिनती में प्रदेश में 1900 तेंदुओं का आंकड़ा सामने आया है। हालांकि इनकी वास्तविक संख्या फाइनल डाटा आने के बाद पता चलेगी।
वन विभाग ने हाल ही में नेशनल टाइगर रिजर्व और अन्य वन्य क्षेत्रों में वन्य प्राणियों की गिनती का काम किया गया है। अब जबलपुर स्थित वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट में इन वन्य प्राणियों की संख्या एकजाई की जाएगी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, शुरूआती आंकड़ों में तेंदुए की संख्या में इजाफा हुआ है। यह संख्या 1900 से ज्यादा है। इसके साथ ही प्रदेश में कई हिस्सों में तेंदुए का आतंक बढ़ रही है। पिछले हफ्ते रायसेन जिले की दो रेंज से तीन तेंदुए पकड़े गए हैं। इनमें से एक की वन विहार में मौत हो चुकी है। मार्च में इंदौर और रायसेन जिले में तेंदुए के हमले की चार घटनाएं सामने आई हैं। इंदौर के रिहाइशी इलाके में घुस गया था। रायसेन जिले के गैरतगंज के पास एक व्यक्ति पर हमला कर दिया था। औबंदुल्लागंज वन मंडल की बाड़ी रेंज के भगदेई गांव के नजदीक से एक तेंदुआ 21 मार्च को पकड़ा गया था। तेंदुए के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल था। इसको पकडऩे के दूसरे ही दिन दूसरा तेंदुआ गांव के नजदीक देखा गया। फिर उसे भी पकड़कर वन विहार लाया गया है। इससे पहले छिंदवाड़ा वनमंडल में लगातार बच्चों को खींचकर ले जाने की घटनाओं में भी तेंदुए की उपस्थिति बताई जा रही है। इसे देखते हुए वन विभाग ने मैदानी अमले को सतर्क रहने को कहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पन्ना तहसील और छतरपुर के बिजावर में प्रदेश में सबसे ज्यादा 74-74 तेंदुए हैं। जबकि बांधवगढ़ में 6 4, सीधी के गोपदबनास में 57, रायसेन जिले की गौहरगंज तहसील में 41, मुरैना के बिजयपुर और मंदसौर के भानपुरा में 29-29 तेंदुए पाए गए। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फाइनल आंकड़े आने के बाद प्रदेश में तेंदुए की संख्या बढऩे की उम्मीद है।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें