भाजपा को चित्रकूट उपचुनाव की देन है राजेंद्र नामदेव

विशेष संवाददाता ॥ भोपाल
एसिड अटैक पीडि़त महिला के साथ अभद्रता के मामले में पद और भाजपा की सदस्यता गंवाने वाले राजेंद्र नामदेव पार्टी को चित्रकूट उपचुनाव की देन हैं।
सतना के सांसद गणेश सिंह की पहल पर उन्हें इस उपचुनाव के दौरान भाजपा में प्रोजेक्ट किया गया था और इसी चैनल से उन्हें राज्य सिलाई कला मंडल के उपाध्यक्ष का पद और राज्यमंत्री दर्जा मिला था। राजेंद्र नामदेव के खिलाफ भोपाल में महिला उत्पीडऩ का मामला दर्ज होने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनके बारे में पड़ताल शुरू हो गई है। पार्टी ने सतना जिला इकाई से उनकी सदस्यता का रिकार्ड मांगा तो खुलासा हुआ कि नामदेव कभी पार्टी के सक्रिय सदस्य रहे ही नहीं हैं। पार्टी की किसी बैठक या कार्यक्रमों में भी उनकी उपस्थिति नहीं देखी गई। नवंबर में हुए चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के दौरान अचानक वे भाजपा में दिखाई देने लगे।
भाजपा चित्रकूट का चुनाव भले ही हार गई, लेकिन नामदेव पर कृपा बढ़ गई और 30 जनवरी को उन्हें सिलाई कला मंडल का उपाध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया। मुंगावली और कोलारस उपचुनाव की टसल के दौरान उनके खिलाफ मामला दर्ज होने पर डैमेज कंट्रोल के लिए सोमवार को उन्हें इस पद से हटा दिया गया और भाजपा ने अपनी प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित कर दिया। इस घटना के बाद पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने भविष्य में पार्टी में शामिल किए जाने वाले नेताओं को लेकर सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं नामदेव को पार्टी में लाने वाले और उनकी सिफारिश करने वालों से भी पूछताछ की तैयारी हो रही है। पार्टी नेता बताते हैं कि सतना सांसद गणेश सिंह के करीबी सत्यभान पटेल से नामदेव की काफी नजदीकी है। पटेल ही नामदेव की सतना जिले के पार्टी नेताओं से मेल-मुलाकात कराते दिखते थे। वहीं मैहर के निवासी नामदेव की मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी से पटरी नहीं बैठने की बात भी पार्टी में चर्चा में है।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें