चौक बाजार को नो व्हीकल जोन बनाने की फिर तैयारी

पहली योजना हो गई थी फ्लॉप, अब नए सिरे से बनेगा प्रस्ताव
सच प्रतिनिधि ॥ भोपाल
भोपाल के चौक बाजार को एक बार फिर नो व्हीकल जोन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। चौक बाजार में निवास करने वाले व्यापारियों और उनकी दुकान पर काम करने वालों के वाहन पार्किंग में खड़े करने के लिए पास बनाए जाएंगे। इसके लिए शीघ्र ही व्यापारियों से चर्चा की जाएगी। चौक बाजार को हैरिटेज लुक प्रदान करने के लिए करीब 7 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। हैरिटेज लुक तो दिया जा रहा है, परन्तु बाजार में वाहनों की रेलमपेल के कारण बाजार का हैरिटेज लुक दिखाई नहीं दे रहा है, साथ ही लगाई गई फर्सियां टूटने लगी हैं। बाजार में त्यौहारों के दौरान अत्यधिक भीड़ होने के कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। चौक बाजार को हैरिटेज लुक देने, ग्राहकों को परेशानी से निजात दिलाने के लिए अब जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन ने दूसरी बार कार्ययोजना बनाने पर काम शुरू कर दिया है।
व्यापारियों से होगी बातचीत
वर्ष 2011 में तत्कालीन कलेक्टर निकुंज श्रीवास्तव ने चौक बाजार को नो व्हीकल जोन घोषित किया था। इसके बाद यहां तीन तरफ के एंट्री गेट पर स्लाइडिंग गेट और बैरिकेड तक लगा दिए गए थे। कुछ दिन तक व्यवस्था सुचारू चली, लेकिन व्यापारियों के विरोध के कारण ही वाहनों की एंट्री शुरू हुई। अब हालात यह है कि बाजार सुबह से रात तक वाहनों से पटा रहता है। दूसरी बार चौक बाजार को नो व्हीकल जोन बनाने के लिए व्यापारियों से एक बार फिर चर्चा शुरू की जाएगी। व्यापारियों से चर्चा के बाद बाजार को नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा।
कारोबारियों को छूट कर्मचारियों को पास
चौक बाजार में व्यापारियों को अपने वाहन पार्किंग में खड़ा करने के लिए छूट प्रदान की जाएगी, वहीं उनकी दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए मंथली पास बनाकर मोती मस्जिद स्थित पार्किंग, चटोरी गली के सामने पार्किंग में दो पहिया वाहनों को खड़े किए जाएंगे। देर रात से सुबह तक वाहनों की इंट्री में छूट प्रदान की जाएगी।
ट्रांसपोर्ट नगर हटाने दी मोहलत
इतवारा, मंगलवारा स्थित ट्रांसपोर्ट व्यापारियों को ट्रांसपोर्ट नगर में प्लाट दिए गए हैं। व्यापारियों द्वारा प्लाट लेने के बावजूद वे इतवारा, मंगलवारा से ही अपना व्यापार कर रहे हैं। बाजार में बड़े वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनती है। इसके लिए ट्रांसपोर्ट व्यापारियों को एक बार फिर यहां से हटाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। यदि ट्रांसपोर्ट व्यापारी मोहलत देने के बावजूद यदि नहीं जाते हैं तो उन पर कार्यवाही की जाएगी।
यातयात क्रेन की होगी व्यवस्था
बाजार को नो व्हीकल जोन बनाने के बाद यदि कोई वाहन बाजार में प्रवेश कर वहां खड़ा पाया जाता है तो उसे उठाने के लिए एक यातायात क्रेन की व्यवस्था की जाएगी। महापौर आलोक शर्मा, कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे, डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी के बीच इस संबंध में चर्चा हो चुकी है।
ज्ञात हो कि पीरगेट से इतवारा, जुमेराती गेट से इब्राहिमपुरा, नदीम रोड से लखेरापुरा तक 45 हेक्टेयर से ज्यादा इलाके में फैले बाजार में तीन हजार से ज्यादा दुकानें हैं। यह बाजार शहर के तीन वार्डों के दायरे में आता है। बाजार में वाहनों की रेलमपेल के कारण, अतिक्रमण के कारण खरीददारों को परेशानी होती है, साथ ही यदि कोई दुर्घटना हो जाए तो दमकलें व एंबुलेंस को भीतर आने के लिए मुश्किल होती है।
कार्ययोजना तैयार की जाएगी
चौक बाजार को नो व्हीकल जोन बनाने की लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। व्यापारियों से चर्चा के बाद इसे मूर्तरूप दिया जाएगा।
> पी सुदाम खाडे, कलेक्टर
राशि की बर्बादी होगी
चौक बाजार को नो व्हीकल जोन बनाने, ट्रांसपोर्ट व्यापारियों को हटाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। यदि चौक बाजार नो व्हीकल जोन नहीं बनाया जाता है तो हैरिटेज लुक देने के लिए खर्च की जा रही राशि की बर्बादी होगी।
> संजीव गुप्ता, पार्षद व जोन अध्यक्ष


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें