दिग्विजय करेंगे बावरिया के ’50 हजारÓ की भरपाई

मुख्य प्रतिनिधि ॥ भोपाल
दावेदारों से आवेदन के साथ 50 हजार रुपए पार्टी फंड में जमा कराने का फार्मूला फेल होने से प्रदेश के प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया न केवल निराश हैं, बल्कि खासे नाराज भी हैं। साथ ही संगठन की तंगहाली को लेकर चिंतित भी हैं। बावरिया की इस चिंता को दूर करने की जिम्मेदारी अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उठाएंगे।
चार दिनी प्रदेश प्रवास पर आए प्रभारी महासचिव बावरिया अपने इस फार्मूले के फेल होने का दर्द मीडिया के सामने भी छुपा नहीं पाए। भोपाल में उन्होंने मीडिया से अनौपचारिक चर्चा में माना कि संगठन की आर्थिक मजबूती के लिए फंड की व्यवस्था करना जरूरी है। चुनाव से पहले पार्टी को फंड की जरूरत पडऩा निश्चित है। इसी के चलते विधानसभा टिकट के दावेदारों से 50 हजार रुपए जमा कराने का फार्मूला बनाया गया था। मगर बड़े नेताओं ने भोपाल से दिल्ली तक इसका विरोध कर दिया था। बावरिया ने भी माना कि नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री सिंह समेत तीन वरिष्ठ नेताओं ने इसका विरोध किया था। दिग्गजों के विरोध के कारण ही इस मामले में पार्टी को कदम पीछे खींचना पड़े हैं। मगर पार्टी का खजाना भरना जरूरी है। इसलिए अब विरोध करने वालों के कंधों पर ही इसका भार डाला जाएगा।
प्रभारी महासचिव ने कहा है कि प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे सभी मिलकर पार्टी के लिए फंड की व्यवस्था कर देंगे। सभी मिलकर फंड जुटाएंगे। इस मामले में सबसे बड़ी जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री सिंह उठाएंगे। फिलहाल वे नर्मदा परिक्रमा में व्यस्त हैं। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में उनकी नर्मदा यात्रा पूरी हो जाएगी। अपनी यात्रा समाप्त होने के बाद सिंह पार्टी के लिए फंड जुटाने का अभियान शुरू करेंगे। बावरिया ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने खुद ही इसका भरोसा दिलाया है कि वे नर्मदा परिक्रमा के बाद पार्टी के लिए फंड एकत्रित करने का काम शुरू करेंगे।
दिग्गज हो गए थे सक्रिय
बावरिया के फार्मूले को लागू करते हुए पीसीसी ने जहां आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। वहीं सभी दिग्गज इस मामले में एक साथ आ गए थे। सभी ने इसे पार्टी की छवि से जोड़ते हुए विरोध जताया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से भी इसकी शिकायत कर दिग्गजों ने नाराजगी जताई थी। पार्टी के तीनों सांसदों के अलावा नेता प्रतिपक्ष सिंह और अन्य दिग्गज भी बावरिया के खिलाफ खड़े नजर आए थे।
तब तक अटके रहेंगे बैंक ड्राफ्ट
बावरिया का फार्मूला लागू होते ही करीब 600 दावेदारों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। इसके लिए सामान्य वर्ग के दावेदारों ने 50 हजार रुपए तथा आरक्षित व महिलाओं ने 25 हजार रुपए के डिमांड ड्राफ्ट अपने आवेदन के साथ पार्टी कार्यालय में जमा किए हैं। करीब दो करोड़ रुपए के ड्राफ्ट पीसीसी में अब तक जमा हो चुके हैं। अब रोक के बाद नए आवेदनों के साथ पीसीसी ने ड्राफ्ट लेना बंद कर दिया है, मगर पुराने आवेदनों के साथ जमा किए गए ड्राफ्ट का फैसला पूर्व मुख्यमंत्री सिंह द्वारा फंडिंग की जिम्मेदारी संभालने के बाद ही लिया जाएगा। जब तक सिंह इस काम की शुरूआत नहीं कर देते, किसी को भी राशि नहीं लौटाई जाएगी।
12 अप्रैल को पूर्ण हो सकती है दिग्विजय की यात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने दशहरा के दिन अपनी नर्मदा परिक्रमा शुरू की थी। इस यात्रा के 180 दिन पूरे हो चुके हैं। इसका समापन 11 या 12 अप्रैल को गाडरवारा के पास बरमान घाट पर होगा। समापन की तैयारी शुरू हो चुकी है। भव्य कार्यक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री की नर्मदा परिक्रमा का संत-महात्माओं और पार्टी जनों की मौजूदगी के बीच समापन होगा।
दावेदारों से वन टू वन करने बुंदेलखंड पहुंचे बावरिया
भोपाल (मुप्र)। प्रदेश की करीब सौ सीटों पर कांग्रेस इस बार चुनाव के छह माह पहले ही प्रत्याशी घोषित करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी के मद्देनजर प्रदेश के प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया ने आज से बुंदेलखंड में डेरा डाल दिया है। बावरिया सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में तीन दिन तक रहकर क्षेत्र के दावेदारों से अलग-अलग चर्चा करेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस के स्थानीय नेताओं से क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। साथ ही अब तक संगठन की गतिविधियों पर जानकारी लेंगे। बावरिया के साथ प्रदेश संगठन के महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी भी रहेंगे। प्रभारी महासचिव बावरिया लगातार उन क्षेत्रों के दौरे कर रहे हैं, जहां समय से पहले प्रत्याशी घोषित किए जाना हैं। मगर इसके लिए वे दावेदारों की ताकत भी मैदान में जाकर परख रहे हैं। इसके लिए सभी क्षेत्रीय नेताओं में समन्वय बनाने के प्रयास भी बावरिया कर रहे हैं।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें