श्रीनिवास तिवारी को श्रद्धांजलि के साथ सरकार पर निशाना

विधानसभा संवाददाता ॥ भोपाल
राज्य विधानसभा में आज पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी सहित दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। श्रद्धांजलि के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने भूतपूर्व विधानसभा अध्यक्ष तिवारी द्वारा सदन के संचालन और स्थापित परंपराओं के हवाले से विधानसभा को कम दिन चलाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
बजट सत्र के दूसरे दिन आज सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष सीतासरन शर्मा ने दिवंगत नेताओं के नाम का उल्लेख किया और उनके योगदान से सदन को अवगत कराया। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने श्रीनिवास तिवारी के अध्यक्षीय कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कई परंपराएं स्थापित की थीं जो अब हल्की पड़ती जा रही हैं। वर्तमान संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा और छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने उनसे सीखा था। उनके दौर में मुख्यमंत्री प्रश्नकाल शुरू किया गया था जो बाद में बंद कर दिया गया। अजय सिंह ने अध्यक्ष से कहा कि यह आखिरी सत्र है आप भी मुख्यमंत्री प्रश्नकाल शुरू करें। उनके समय में सदन ज्यादा चलता था जनता से जुड़े मुद्दों पर ज्यादा बहस होती थी। अब क्या स्थिति है आप भी जानते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सूची में उल्लेखित दिवंगतों की याद करते हुए उनके कार्य और स्मृतियां बताईं। मुख्यमंत्री ने श्रीनिवास तिवारी के योगदान को अविस्मरणीय बताया। इस दौरान सदन को बताया गया कि पूर्व अध्यक्ष श्री तिवारी सबसे कम उम्र में विंध्य से विधायक चुने गए थे। विंध्य क्षेत्र के गांव गांव में उनकी कहानियां सुनने को मिलती हैं।
जब वे आठवीं में पढ़ते थे तभी स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ गए थे। विंध्य अंचल में सोशलिस्ट विचारधारा के वे सबसे बड़े नेता थे। इंदिरा गांधी के आग्रह पर वे 1973 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने भी तिवारी को याद करते हुए कहा कि वे उन्हें अपना तीसरा बेटा कहते थे। विधायक गिरीश गौतम और शीला त्यागी ने भी तिवारी के योगदान का जिक्र किया। सदन में आज विधानसभा के पूर्व सदस्य सुरेश सेठ, पूरन सिंह बेडिय़ा, तातूलाल अहिरवार, केशरबाई डामर, पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा, डॉ बोल्ला बुल्ली रमैया, विधानसभा के भूतपूर्व सचिव भरतनारायण श्रीवास्तव और जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
कल पेश होगा वर्तमान सरकार का आखिरी बजट
विधानसभा में बुधवार को वित्त मंत्री जयंत मलैया अपना पांचवा और वर्तमान सरकार का आखरी बजट पेश करेंगे। सरकार का यह बजट चुनावी होने के आसार हैं। पौने दो लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के इस बजट में कई लोकलुभावन घोषणाएं हो सकती हैं। पेट्रोलियम पदार्थ और गृहस्थी से जुड़े सामानों पर टैक्स में थोड़ी राहत देने की संभावना भी जताई जा रही है।
श्रीदेवी और शशिकपूर का नाम सूची से हटाया
विधानसभा की आज की कार्यसूची में पहले फिल्म स्टार श्रीदेवी और शशिकपूर को नाम का भी दिवंगतों की सूची में शामिल किया गया था। उन्हें भी आज सदन में श्रद्धांजलि दी जानी थी, लेकिन श्रीदेवी के निधन को लेकर आई अगल-अलग खबरों और जांच की स्थिति को देखते हुए कार्यसूची से उनके साथ शशिकपूर का नाम भी हटा दिया गया।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें