कांग्रेसी दिग्गज दिखाएंगे एकता सीएम ने रोड शो में झोंकी ताकत

मुख्य प्रतिनिधि ॥ भोपाल
इस साल के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों का सेमी फायनल माने जा रहे मुंगावली और कोलारस उपचुनावों का शोरगुल गुरूवार को थम जाएगा। दोनों क्षेत्रों में 24 फरवरी को मतदान होना है। प्रचार के अंतिम दो दिनों में दोनों प्रमुख दलों ने अपनी पूरी ताकत मैदान में उतार दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रोड शो के जरिए अधिक से अधिक लोगों के बीच पहुंचने में जुट गए हैं। वहीं कांग्रेस ने भी अपने सभी छत्रपों को मैदान में उतार दिया है। कल सभी दिग्गज दोनों क्षेत्रों में एक मंच पर मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस ने अपनी इन दोनों परंपरागत सीटों पर कब्जा बरकरार रखने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया लगातार दोनों क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बनाए हुए हैं। वहीं सप्ताह भर से पार्टी के अन्य दिग्गजों ने भी डेरा डाल दिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव बीते पांच दिनों से मुंगावली-कोलारस में सभाओं एवं जनसंपर्क में व्यस्त हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष अजय ङ्क्षसह भी दो दिन चुनाव क्षेत्र में रहे। आदिवासी नेता व सांसद कांतिलाल भूरिया भी पांच दिनों से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सक्रियता बनाए हुए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी आज कोलारस पहुंच गए हैं। वे शाम तक तीन सभाएं लेंगे। साथ ही पार्टी प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव के समर्थन में जनसंपर्क करेंगे। अब अंतिम दिन सभी दिग्गज यहां पहुंचकर दोनों क्षेत्रों में अपनी एकता दिखाएंगे। हाईकमान के निर्देश पर जमाई जा रही इस महफिल में सांसद कमलनाथ, भूरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, नेता प्रतिपक्ष ङ्क्षसह तथा प्रदेशाध्यक्ष यादव भी कल सिंधिया के साथ रोड शो एवं सभाएं करेंगे। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। सभी नेता कल सुबह कोलारस में एकजुटता दिखाते हुए सभा लेंगे। फिर सभी नेता हेलीकॉप्टर से मुंगावली जाएंगे। यहां भी बड़ी जनसभा कांग्रेस द्वारा आयोजित की जाएगी। सभी जिलाध्यक्षों को इन सभाओं के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।


facebook - जनसम्पर्क
facebook - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
twitter - जनसम्पर्क
twitter - जनसम्पर्क - संयुक्त संचालक
जिला प्रशासन इंदौर और शासन की दैनंदिन गतिविधियों और अपडेट के लिए फ़ॉलो करें